मूसलाधार बारिश ने खोली नगर पालिका की पोल, मुख्य चौक और सड़कें पानी में डूबीं, दुकानों में घुसा पानी

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने नगर पालिका की तैयारियों की पोल खोल दी है। रातभर हुई तेज बारिश के बाद शहर के कई प्रमुख इलाके जलमग्न हो गए। मौक चौक पूरी तरह तालाब में तब्दील नजर आया, जबकि कलेक्ट्रेट चौक, नेता जी चौक, बीटीआई चौक सहित कई मुख्य सड़कों पर पानी भर जाने से आवागमन प्रभावित रहा।
हर साल की तरह इस बार भी कलेक्ट्रेट चौक में भारी जलभराव देखने को मिला, जिससे आसपास की कई दुकानों में बारिश का पानी घुस गया और व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा। शहरवासियों का कहना है कि समय रहते नालियों और ड्रेनेज सिस्टम की सफाई व सुधार नहीं किए जाने के कारण हर बारिश में यही स्थिति बन जाती है। लगातार जलभराव से आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अब लोगों की निगाहें नगर पालिका की त्वरित कार्रवाई पर टिकी हैं।



