छत्तीसगढ़जांजगीर चांपा

साथी आरक्षक का मोबाइल चुराकर खाते से उड़ाए 4.87 लाख, 11वीं बटालियन का आरक्षक गिरफ्तार

जांजगीर। Online बैंकिंग धोखाधड़ी के एक गंभीर मामले का राजफाश करते हुए 11वीं बटालियन में पदस्थ एक आरक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने अपने ही साथी आरक्षक का मोबाइल चोरी कर उसके बैंक खाते से 4,87,911 की निकासी कर ली। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित Online गेम खेलने का आदी था और चोरी की अधिकांश रकम उसी में खर्च कर दी।

पुलिस के अनुसार, बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के ग्राम चांदो निवासी एवं वर्तमान में 11वीं बटालियन जांजगीर में पदस्थ आरक्षक सुधीर कुमार सिंह (41) ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 23 अप्रैल 2026 की रात बैरक में चार्जिंग पर लगाया गया उनका वीवो वाई-21 मोबाइल चोरी हो गया था।

कुछ दिन बाद बैंक पहुंचने पर खाते से राशि गायब होने की जानकारी मिली। बैंक स्टेटमेंट की जांच में 24 अप्रैल से 3 मई 2026 के बीच विभिन्न Online माध्यमों से ₹4,87,911 की अनाधिकृत निकासी का खुलासा हुआ।

साइबर थाना पुलिस की जांच के दौरान संदेह 11वीं बटालियन में पदस्थ आरक्षक सुनील कुमार यादव पर गया, जो घटना के बाद से बैरक में भी मौजूद नहीं था। पूछताछ में आरोपित ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

जांच में पता चला कि उसने चोरी किए गए मोबाइल में मौजूद आधार नंबर की मदद से नई यूपीआई आईडी बनाई और उसी के जरिए पीड़ित के बैंक खाते से रकम निकाल ली।

पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66-सी और 66-डी के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

Related Articles

Leave a Reply