छत्तीसगढ़

बारिश बनी आफत, एक ही दिन 3 लोग लापता; एक का शव मिला, 9 साल के मासूम समेत 2 की तलाश जारी

धमतरी। नगरी ब्लॉक में लगातार हो रही बारिश अब आफत बनती जा रही है। 28 जुलाई को एक ही दिन तीन लोगों के लापता होने की घटनाओं ने पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। साहनीखार एनीकट में मछली पकड़ने गए दो ग्रामीण तेज बहाव की चपेट में आ गए, जबकि सिरसिदा गांव का 9 वर्षीय बालक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। परिजनों ने अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिलने पर सिहावा थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

जानकारी के अनुसार, घोटगांव निवासी धनराज तेता (48 वर्ष) अपने साथियों के साथ साहनीखार एनीकट में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान तेज बहाव में संतुलन बिगड़ने से वह पानी में बह गया। तीन दिन बाद सिहावा पुलिस ने उसका शव बरामद कर लिया।
वहीं, फरसिया निवासी गुलाल पहरिया (35 वर्ष) भी उसी एनीकट में मछली पकड़ने के दौरान अचानक लापता हो गया। साथियों और ग्रामीणों ने काफी खोजबीन की, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।

इधर, बालका नदी किनारे बसे सिरसिदा गांव का 9 वर्षीय निकेतन साहू स्कूल से घर लौटने के बाद शाम को घर से निकला, लेकिन वापस नहीं आया। परिजनों ने गांव और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश की, मगर बच्चे का कोई पता अभी तक नहीं चल सका।

सिहावा थाना पुलिस ने तीनों मामलों में दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नाले और एनीकट उफान पर हैं। ऐसे में एक ही दिन तीन लोगों के लापता होने की घटनाओं ने पूरे नगरी क्षेत्र में चिंता और दहशत का माहौल बना दिया है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन लोगों से बारिश के दौरान नदी-नालों और एनीकट के आसपास अनावश्यक रूप से जाने से बचने की अपील कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply