छत्तीसगढ़

ट्रैफिक जाम से लोगों को मिलेगी राहत, आज खुलेगा कचना ओवरब्रिज, CM साय करेंगे लोकार्पण

रायपुर. राजधानी रायपुर में आम जनता को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलने वाली है. कचना ओवरब्रिज पर शुक्रवार से लोगों की आवाजाही शुरू हो जाएगी. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शाम को इस ओवरब्रिज का लोकार्पण करेंगे. इस मौके पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव भी मौजूद रहेंगे. पीडब्ल्यूडी अधिकारियों का कहना है कि करीब 49 करोड़ रुपए की लागत से कचना ओवरब्रिज का निर्माण किया गया है. इस ओवरब्रिज के शुरू हो जाने से इस रूट का यातायात व्यवस्थित और तेज होगा.

शासन द्वारा मार्च 2022 को 48.78 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई थी. वहीं, कार्यादेश सितंबर 2023 को दिया गया. अनुबंध के अनुसार ओवरब्रिज का निर्माण कार्य 18 महीने की समयावधि में पूरा किया जाना था. रेलवे पटरी के ऊपर स्लैब, गर्डर लगाने और इसकी ड्राइंग-डिजाइन को रेलवे से समय पर मंजूरी नहीं मिली, जिसके कारण निर्माण कार्य में विलंब हो गया. विभाग द्वारा लंबे इंतजार के बाद अब ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पूरा हुआ है.

See also  स्कूल में खूनी संघर्ष : एक छात्र ने दूसरे के चेहरे और गले पर मारा ब्लेड, स्कूल प्रबंधन रहा अंजान, घायल का इलाज जारी

दिनभर शंकरनगर-खम्हारडीह मार्ग पर बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है. वहीं रायपुर-वाल्टेयर रेललाइन पर बड़ी संख्या में ट्रेनों का आना-जाना लगा रहता है. कई बार कचना रेलवे फाटक को बंद करना पड़ जाता है. ओवरब्रिज पर आवाजाही शुरू होने से आम राहगीरों को ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलेगी.

लोकार्पण समारोह की वजह से शाम 5 बजे से रात 8 बजे के बीच खम्हारडीह से कचना और कचना से खम्हारडीह के बीच मुख्य सड़क पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी. इस दौरान बदले हुए रूट से आवाजाही होती रहेगी. यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने एक विशेष रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है. इसके मुताबिक अनुपम नगर से खम्हारडीह-कचना जाने वाले वाहन अनुपम नगर से श्रीराम नगर ओवरब्रिज, अशोक रतन और बीएसएनएल कार्यालय होते हुए कचना रेलवे फाटक के पास से बाएं मुड़कर कचना की ओर जा सकेंगे. इसी तरह कचना से खम्हारडीह जाने वाले वाहन कचना रेलवे फाटक से पहले दाहिने मुड़कर बीएसएनएल कार्यालय, अशोका रतन, श्रीराम नगर ओवरब्रिज और अनुपम नगर चौक होते हुए आवागमन कर सकेंगे. ट्रैफिक पुलिस ने अपील की कि समारोह के दौरान शाम पांच से रात 8 बजे के मध्य किसी जरूरी काम के बिना इस रूट पर जाने से बचें. यदि जाना आवश्यक हो, तो जाम से बचने के लिए समय से पहले निकलें.

See also  आदतन निगरानी बदमाश ने अपनी ही मां से शराब पीने के लिए पैसे मांगे, नहीं देने पर गाली गलौच कर मारपीट की, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Reply