महिला की हत्या का खुलासा, दुष्कर्म के बाद पानी में डुबोकर मारने का आरोप, साइकिल से करता था पीछा, आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। मुजगहन थाना क्षेत्र में महिला की हत्या और एक अन्य महिला से मारपीट के दो अलग-अलग मामलों का पुलिस ने खुलासा किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और मुजगहन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी देवेन्द्र कुमार साहू उर्फ राकेश उर्फ मंछला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी महिलाओं को अकेले देखकर उनका साइकिल से पीछा करता था।
पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई 2026 को न्यू स्वागत विहार के पास एक खाली प्लॉट में भरे पानी में महिला का शव मिला था। मृतका के शरीर पर चोट और खरोंच के निशान पाए गए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
इसी बीच 5 अगस्त 2026 को सेजबहार में एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि रात करीब 8:30 बजे एक अज्ञात युवक ने उसका पीछा कर गाली-गलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। महिला के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। इस मामले में भी मुजगहन थाने में अपराध दर्ज किया गया।
दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने 8 से अधिक टीमें गठित कीं। टीमों ने दोनों घटनास्थलों और आसपास के रास्तों पर लगे सैकड़ों CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही संदिग्धों की गतिविधियों, तकनीकी साक्ष्यों और पुराने अपराधों में शामिल आरोपियों की जानकारी जुटाई गई।
जांच के दौरान पुलिस को सेजबहार निवासी देवेन्द्र कुमार साहू के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपी ने महिला की हत्या और दूसरी महिला से मारपीट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने महिला का साइकिल से पीछा किया और उसे पकड़कर घटनास्थल के पास ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी मृतका का मोबाइल फोन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतका का मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त साइकिल और घटना के दौरान पहने गए कपड़े जब्त किए हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पूर्व में भी महिला संबंधी अपराध में जेल जा चुका है। मुजगहन थाने के वर्ष 2017 के एक मामले में न्यायालय ने उसे 10 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई थी। इसके अलावा टिकरापारा थाने में भी उसके खिलाफ वर्ष 2025 में मामला दर्ज रहा है।
गिरफ्तार आरोपी देवेन्द्र कुमार साहू उर्फ राकेश उर्फ मंछला, पिता तुकाराम साहू, उम्र 29 वर्ष, निवासी सेजबहार आम्हापारा, थाना मुजगहन, जिला रायपुर है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।




