छत्तीसगढ़जांजगीर चांपा

भारी बारिश के बाद खोखरा भाठा में भरा पानी : दीनदयाल आवास में जनजीवन अस्त-व्यस्त, ट्रांसफार्मर के पास भी जलभराव

जांजगीर-चांपा। जिले के खोखरा भाटा स्थित दीनदयाल आवास में मूलभूत सुविधाओं का अभाव स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। कॉलोनी में नाली की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी पूरे परिसर में भर जाता है। जल निकासी नहीं होने से लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है और रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।

बारिश के दौरान कॉलोनी की सड़कें पूरी तरह पानी में डूब जाती हैं। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई जगहों पर पानी लंबे समय तक जमा रहने से गंदगी और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

कॉलोनी में लगे बिजली के ट्रांसफार्मर के नीचे भी बारिश का पानी पूरी तरह भर गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थिति बेहद खतरनाक है और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों में करंट फैलने या अन्य विद्युत दुर्घटना की आशंका को लेकर डर का माहौल बना हुआ है। इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

रहवासियों का आरोप है कि उन्होंने कई बार हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन हर बार केवल आश्वासन देकर मामला टाल दिया जाता है। अब तक न तो नाली निर्माण कराया गया है और न ही जलभराव की समस्या के समाधान के लिए कोई स्थायी व्यवस्था की गई है।

दीनदयाल आवास के रहवासियों ने जिला प्रशासन, हाउसिंग बोर्ड और बिजली विभाग से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने, नाली का निर्माण कराने तथा ट्रांसफार्मर के आसपास भरे पानी को हटाकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।

Related Articles

Leave a Reply